
न्यूयार्कः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भारतीय प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को आज आश्वस्त किया कि मुंबई में 26 नवंबर 2008 के हमले के दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।
श्री शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन के दौरान हुई बातचीत में डा. सिंह से कहा, वास्तव में हमारी मंशा इनके खिलाफ कार्रवाई करना है। अब इस मामले में प्रगति होगी क्योंकि पाकिस्तान के न्यायिक आयोग ने मुंबई का दौरा किया है और सबूत एकत्र किए हैं।
इस बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिव शंकर मेनन ने कहा कि बातचीत काफी सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भविष्य में होने वाली कोई भी बातचीत नियंत्रण रेखा की स्थिति पर ही पूरी तरह निर्भर करेगी।
