
मुंबई: दक्षिण मुंबई में पांच मंजिला एक इमारत गिरने से चार लोग घायल हो गए और कम से कम 50 अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह में करीब छह बजे डाकयार्ड रोड इलाके के बाबूगेनू बाजार के निकट हुई।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल के लिए चार एंबुलेंस और 12 दमकल गाडिय़ों को भेजा गया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। मलबे से बचाए गए चार लोगों को सरकारी जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिवसेना के एक स्थानीय कार्यकर्ता ने बताया कि आवासीय बीएमसी क्वार्टर्स के भूतल में एक गोदाम था और मुरम्मत का कुछ काम किया जा रहा था।
