
शिमला(सोनिया)मुंबई से आई फिल्म शूटिंग यूनिट ने लोअर बाजार में सरेआम ‘दबंगई’ दिखाई। भीड़ भाड़े वाले इलाके को यूनिट ने रस्सियों से सील कर दिया। अंदर शूटिंग चलती रही और बाहर लोग परेशान होते रहे। लोगों को रोकने के लिए रास्तों पर आड़ी तिरछी गाड़ियां लगा दी गईं। विरोध किया तो धक्के खाने पड़े। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को भी नहीं बख्शा गया।
हद तो तब हो गई जब दोपहर करीब 2:35 पर लोअर बाजार टनल की ओर से आ रही एक एंबुलेंस को रोक दिया गया। एंबुलेंस शेरे पंजाब की ओर आ रही थी। काफी देर हंगामे के बाद रस्सियां खोली गई। तब कहीं जा कर एंबुलेंस आगे बढ़ सकी। शूटिंग के दौरान व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस कर्मियों की भी तैनाती नहीं की गई।
छुट्टी का दिन होने के कारण जनता का दर्द समझने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन का कोई नुमाइंदे मौके पर नहीं पहुंचा। नगर निगम ने शूटिंग यूनिट से किराया तो वसूल लिया लेकिन आम शहरियों को शूटिंग के कारण कोई दिक्कत न हो इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए। रविवार को उपायुक्त कार्यालय से लोअर बाजार की ओर आने वाले रास्ते तथा शेरे पंजाब से लोअर बाजार टनल की ओर आने वाले रास्ते को भी रोक दिया गया। गंज से लोअर बाजार की ओर आने वाला रास्ता भी रस्सियां बांध कर बंद कर दिया गया। मिडिल बाजार से लोअर बाजार की ओर उतने वाली सीढ़ियाें पर भी नगर निगम के व्यवसायिक परिसर के पास रस्सियां लगा दी गई थी। लोगों ने रास्ता देने का आग्रह किया तो उन्हें वापस भेजकर बस स्टैंड के रास्ते से जाने की सलाह दी गई।
—
नहीं होने दी जाएगी असुविधा : टिकेंद्र
शूटिंग के दौरान व्यवस्था बनने का काम पुलिस का है। शूटिंग के लिए रास्ते बंद करना सही नहीं है। नगर निगम की ओर से शूटिंग यूनिट को लोगों की सुविधा का विशेष ख्याल रखने के निर्देश दिए जाएंगे। किसी भी सूरत में शहर के लोगों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
– टिकेंद्र पंवर, उपमहापौर, नगर निगम
