मीना कुमारी का किरदार करना चाहती हैं सोनम

मीना कुमारी का किरदार करना चाहती हैं सोनम

मुंबई: सुप्रसिद्ध अभिनेत्री मीना कुमारी की जीवनी पर यदि कोई फिल्म बनती है तो सांवरिया गर्ल सोनम कपूर उसमें मुख्य भूमिका निभाना चाहेंगी। सोनम का मानना है कि मीना कुमारी ने कुछ कमियों के बावजूद अपने चरित्र से सबको मंत्रमुग्ध किया था।

इस बारे में बात करने पर सोनम ने कहा, ‘मैं मीना कुमारी की भूमिका अदा करना चाहूंगी,उनका जीवन संघर्षपूर्ण था।’

मीना कुमारी अपने समय की सबसे प्रतिभाशाली और सफल अभिनेत्रियों में से एक थीं। ‘साहिब बीवी और गुलाम’ जैसी फिल्मों के लिए उन्हें ट्रेजेडी क्वीन कहा जाता था। उनका व्यक्तिगत जीवन सुखी नहीं था। वह अपनी कष्टपूर्ण शादी से जूझ रही थीं। उन्हें शराब की लत थी। लीवर सिरोसिस से 39 साल की उम्र में उनकी मृत्यु हो गई थी।

सोनम ने कहा, ‘मैं ऐसी कोई भी भूमिका करना चाहूंगी, जहां किरदार बहुत अच्छा हो और उसमें कुछ दोष भी हों। मुझे इस तरह के किरदार करना पसंद है। ऐसा इसलिए क्योंकि वे भी इंसान हैं। असल जिंदगी में मुझमें भी बहुत सी कमियां हैं, मैं एक वास्तविक किरदार की भूमिका निभाना चाहती हूं।’

हाल ही में प्रदर्शित ‘रांझणा’ ने बॉक्स ऑफिस पर सोनम छवि बनाने में मदद की है। इसमें उन्होंने बनारस की एक साधारण लड़की की भूमिका निभाई है।

फिल्म ‘रांझणा’ को मिली अच्छी प्रतिक्रिया से खुश सोनम कहती हैं, ‘मैं बहुत खुश हूं। मैंने सोचा नहीं था कि मुझे इतनी प्रशंसा मिलेगी। मैंने कड़ी मेहनत की थी।’

Related posts