
लखनऊ: उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अमित शाह आज पहली बार लखनऊ आयेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने संवाददाताओं को बताया है कि शाह अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन आज पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, संयोजकों, क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं महामंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे तथा शाम को पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे।
उन्होंने बताया कि दौरे के दूसरे दिन शाह विधानमंडल दल के पदाधिकारियों एवं विधायकों के साथ बैठक करेंगे तथा वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग भेंट करके प्रदेश की राजनीतिक स्थिति एवं पार्टी संगठन को मजबूत किये जाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। पाठक ने बताया कि शाह के साथ तीनों केन्द्रीय सह-प्रभारी त्रिवेन्द्र सिंह रावत, रामेश्वर चौरसिया और सत्येन्द्र कुशवाहा भी मौजूद रहेंगे।
