मिशन 2014 की तैयारी में जुटा भाजयुमो

मंडी। विधानसभा चुनाव तथा मंडी संसदीय उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भाजपा के सहयोगी संगठन अब अपनी सदस्यता एवं ताकत बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। इसी मकसद को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला मंडी की 11 जुलाई को पार्टी कार्यालय में बैठक रखी गई है। जिसमें मोर्चा के प्रदेश सदस्यता प्रभारी महेश चौहान मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।
लोकसभा के आम चुनाव 2014 को होने हैं। ऐसे में भाजपा के केंद्र में सरकार बनाने की अटकलों के बीच उसके सहयोगी संगठन अपनी अहमियत को पुख्ता करने की कोशिश में हैं। प्रदेश में हुए चुनाव में पार्टी की साख को बट्टा लगा है। ऐसे में चुनौती तथा तैयारी लोकसभा चुनाव में इसकी भरपाई की है। भाजयुमो ने 2014 के लोकसभा चुनाव की तैयारी एवं संगठन को मजबूत करने के लिए ही मंडल स्तर पर एक हजार नए युवाआें की सदस्यता का नारा एवं लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बूथ स्तर पर 10 सदस्यो की एक कार्यकारिणी भी गठित की जाएगी। इधर, भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी तेजेंद्र ठाकुर ने बताया कि 11 जुलाई को प्रस्तावित बैठक में सदस्यता बढ़ाने के मुद्दे पर ही मुख्य रूप से विचार-विमर्श होगा। बैठक में प्रदेश सदस्यता प्रभारी सहित जिला अध्यक्ष पाल वर्मा तथा अन्य समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। मोर्चा लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर संगठन की मजबूती के लिए नए सदस्यो को जोड़ने के लिए प्रयास करेगा।

Related posts