मिल्क फेड का देसी घी 25 रुपया महंगा

गोहर (मंडी)। मिल्क फेडरेशन ने देसी घी के दाम में 25 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। सूबे में लोगों को अब मिल्क फेडरेशन के देसी घी के लिए 375 रुपये की बजाय 400 रुपये अदा करने पड़ेंगे। नई दरें लागू कर दी गई हैं। वेरका, अमूल और ब्रिटानिया जैसी बड़ी कंपनियों ने भी देसी घी के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। इन कंपनियों की तर्ज पर फेडरेशन ने भी देसी घी में सीधे 25 रुपये बढ़ा दिए हैं। प्रदेश के लोगों को राहत देने की बजाय सरकार के इस उपक्रम ने 25 रुपये अधिक का बोझ डाल दिया है।
फेडरेशन कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सुंदरनगर और हमीरपुर में रोजाना देसी घी की 400 से 500 किलोग्राम की आपूर्ति करता है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में मिल्क फेड रोजाना करीब 800 किलोग्राम देसी घी बेचता है। फेडरेशन के पास दूध का भी निरंतर अभाव चल रहा है। देसी घी के उत्पाद की निर्माण सामग्री महंगी होने के कारण भी फेडरेशन को देसी घी के दाम बढ़ाने पड़े हैं। फेडरेशन के चक्कर मिल्क प्लांट के प्रभारी कुबेर ठाकुर ने बताया कि खर्चा बढ़ने के कारण देसी घी के दामों में बढ़ोतरी की गई है। एमडी मिल्क फेडरेशन शिमला एके ठाकुर ने शुद्ध देसी घी के दाम में 25 रुपये बढ़ाने की पुष्टि की है।

Related posts