मिनी सचिवालय में मुश्किलों में घिरे लोग

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्र का तापमान 41 डिग्री पार कर चुका है। झुलसा देने वाली गर्मी में लोगों का हाल बेहाल है। चढ़ते पारे और उमस से हालत खराब है। ऐसे में मिनी सचिवालय में प्रमाणपत्र आदि बनवाने आ रहे लोग पेयजल के लिए भटक रहे हैं। तहसीलदार कार्यालय के बाहर लोगों का जमघट लग रहा है। बरामदे में लगे पंखे खराब पड़े हैं। जिससे गर्मी के मौसम में लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
बुधवार को पांवटा मिनी सचिवालय के विभिन्न कार्यालयों में लोगों का जमघट लगा रहा। पांवटा और शिलाई क्षेत्र से लोगों की भीड़ सबसे ज्यादा नजर आई। तहसील कार्यालय पहुंचे नरेश कुमार, संजय तोमर, प्रकाश शर्मा, मंजीत सिंह, रफीक मोहम्मद, नंदा राम, रामपाल सिंह और प्रवेश शर्मा ने कहा कि इसी सप्ताह तहसीलदार पांवटा सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इन दिनों तहसीलदार अवकाश पर है। कमरऊ सब तहसील में भी पांवटा के नायब तहसीलदार को सप्ताह में दो दिन जाना पड़ रहा है। इसलिए पांवटा में इन दो दिन के बीच रुके कार्यों को भी करना पड़ रहा है। सर्टिफिकेट व भूमि की रजिस्ट्री करवाने के लिए लोगों को दिक्कतें पेश आ रही हैं।
बुधवार को उमस और गर्मी के चलते लोगों को परेशानी हुई। कार्यालय में इन दिनों रजिस्ट्री करवाने, स्कूली बच्चों के बोनाफाइड, ओबीसी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबी कतारें नायब तहसीलदार कार्यालय के बाहर लग रही हैं। तहसील कार्यालय के बरामदे के पंखे खराब हैं। मिनी सचिवालय में पानी की व्यवस्था न होने से लोग भटक रहे हैं। कुछ माह से परिसर में लगा वाटर कूलर भी खराब पड़ा है। एकमात्र सहारा किसान भवन के साथ लगते हैंडपंप का था। लेकिन, मैदान के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान इसमें पाइप जोड़ दी गई। अब इससे भी लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा। क्षेत्रवासियों ने फिलहाल इस हैंडपंप को शुरू करने का आग्रह किया है।
उधर, नायब तहसीलदार मोही राम चौहान ने कहा कि कार्य अधिकता से लोगों को थोड़ी दिक्कतें हो रही हैं। सप्ताह में दो दिन कमरऊ सब तहसील में जाना पड़ता है। इसलिए पांवटा कार्यालय में लंबित कार्य को भी साथ में निपटाना होता है। इन दिनों स्कूली बच्चों के विभिन्न सर्टिफिकेट और भूमि की रजिस्ट्री का कार्य अधिक आ रहा है।

Related posts