मिनी सचिवालय को 50 हजार का बजट : जवाहर

मंडी। जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2013 हिमाचल और मंडी वासियों के लिए निराशाजनक रहा। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल बीत जाने के बावजूद विकास की दृष्टि से मंडी जिला पिछड़ गया है। जिले से तीन-तीन मंत्री होने के बावजूद भी विकास कार्य ठप पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पधर में 10 करोड़ के मिनी सचिवालय का शिलान्यास तो कर दिया लेकिन इसके लिए बजट मात्र 50 हजार रुपये ही दिया। इसी तरह स्वास्थ्य मंत्री के जिला के क्षेत्रीय अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा सीएमओ का पद रिक्त पड़ा है। अस्पताल में कई सेवाओं का निजीकरण कर दिया है। द्रंग विस क्षेत्र के एफआरयू पधर में अस्पताल भवन का शिलान्यास वीरभद्र सिंह ने 2007 में किया था। लेकिन उसका कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया। पूर्व की भाजपा सरकार ने इसके लिए दो करोड़ रुपये का प्रावधान भी कर रखा है। जवाहर ठाकुर ने कौल सिंह से सवाल किया है कि विपक्ष में रहते हुए वे मंडी में सरकारी मेडिकल कॉलेज की बात करते रहे हैं लेकिन अब सत्ता में आने पर उसकी बात नहीं करते हैं।
कांग्रेस की सरकार आते ही मंडी के बस अड्डे का काम ठप हो गया है। इसी प्रकार कई सड़कें, सीवरेज, सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं का काम ठप पड़ा है। उन्होंने कहा कि द्रंग विस क्षेत्र में दस-पंद्रह सालों से सिंचाई योजनाएं पूरी नहीं हो पा रही। इन सबकी विजिलेंस जांच होनी जानी चाहिए। जवाहर ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार ने मार्च 2014 तक रुके पड़े कार्यों को दोबारा शुरू नहीं किया तो भाजपा जिलाभर में प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य, जिला भाजपा महामंत्री हेमपाल राणा, मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा, पंकज कपूर और निशांत शर्मा मौजूद रहे।

Related posts