
बद्दी (सोलन)। राजकीय प्राथमिक अध्यापक संघ की जिला इकाई की बैठक में मध्यान्न भोजन के दौरान बढ़ रही खर्चे पर चिंता जताई। साथ ही पंजाब के तर्ज पर अध्यापकों क ो वेतन व अन्य भत्तों का भुगतान न होने पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई। संघ का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेगा।
राजकीय प्राथमिक स्कूल बद्दी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष हेमचंद शर्मा ने कहा कि स्कूलों में चल रही मिड डे मिल योजना अध्यापकों की परेशानी का कारण बनी हुई है। सिलेंडर गैस के दामों में तीन गुणा वृद्धि होने से खर्चा तो बढ़ गया, लेकिन योजना चलाने के लिए वहीं पुराना खर्चा दिया जा रहा है। एक छात्र पर 3 रुपये 11 पैसे पैसा मिलता है लेकिन खर्चा साढ़े चार रुपए से भी अधिक हो गया है। इससे योजना चलाना कठिन हो गया है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि बीपीईओ व सीएचटी को पंजाब की तर्ज के मुताबिक ग्रेड पे का भुगतान नहीं हो रहा है। सीएचटी को पांच हजार की बजाए 46 सौ तथा बीपीईओ को 54 सौ की बजाए पांच हजार रुपए दी जा रही है। यही हाल जेबीटी अध्यापक का है। उसे भी निर्धारित वेतन से दो हजार रुपए कम वेतन दिया जा रहा है। संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेगा। बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार भी किया तथा उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह कौशल, महासचिव गुरमैल चौधरी, कोषाध्यक्ष मनोहर लाल, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन दत्त शर्मा, संयुक्त सचिव श्याम लाल शर्मा, भुवनेश्वर शर्मा, राज सिंह ठाकुर, शादी राम चौधरी, सुखदेव सिंह, जीत राम, रजनीश गर्ग, चेत राम, महेश गर्ग, अभय कुमार, बलदेव ठाकुर, मनराज, राम प्रकाश, प्रदीप कुमार, बलराम ने भाग लिया।
