
चंबा। जिले के मसरूंड स्कूल में मिड मील पकाते समय कुकर फटने से दो मिड-डे-मील वर्कर और एक पार्ट टाइम कर्मचारी घायल हो गई हैं। कुकर फटने से चपेट में आई तीनों महिलाएं झुलस गई हैं। इसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। तीनों महिलाएं क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन हैं। जानकारी के अनुसार प्राइमरी स्कूल मसरूंड में बुधवार दोपहर को दो वर्कर और एक पार्ट टाइम महिला कर्मी मिड-डे-मील बना रही थी। इस दौरान आग पर रखा गया कुकर अचानक प्रेशर ज्यादा बनने से फट गया। इससे मिड डे मील वर्कर सरोज पत्नी महिंद्र उम्र 38, धनी देवी पत्नी दुनी चंद उम्र 37 और पार्ट टाइम किशनी देवी पत्नी दुनी उम्र 40 इसकी चपेट में आ गईं। कुकर में उबलती दाल गिरने से सरोज देवी काफी झुलस गई हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसके माथे पर कुकर की सीटी से भी चोट आई है। जेबीटी आशा देवी ने बताया कि तीनों स्कूल में दाल बना रही थीं। अचानक कुकर फट गया और तीनों इसकी चपेट में आ गईं। बाद में राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा के माध्यम से ईएमटी आंनद और चालक प्रेम सिंह तीनों घायलों क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डा. विनोद शर्मा और डा. दिलबाग ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
