
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के साथ चल रहे सरस मेले में जालपा स्वयं सहायता समूह मैहला ने चंबियाल धाम का स्टाल लगाया है। इस स्टाल पर दिन भर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। चंबियाली धाम को स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्यों जिलों और राज्यों से आए लोग भी काफी पसंद कर रहे हैं। लोग खाने के बाद पैक करवाकर घर भी ले जा रहे हैं। यहां तक कि कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लोग मदरे को पैक कर घरों के लिए ले जा रहे हैं। मिंजर मेला देखने आए हितेंद्र कुमार, हरीश ठाकुर, विजय राणा, दीपक सेन, रोशन लाल, परविंद्र कुमार, देव राज और विकेश ने बताया कि चंबा का मदरा काफी स्वादिष्ट व्यंजन है, उन्होंने कहा कि ऐसा व्यंजन उन्होंने पहले कभी नहीं खाया है। उन्होंने बताया कि जितने दिन वे मेले में रहे, उन्होंने चंबियाली धाम का खूब मजा लिया। साथ ही घर के लिए भी पैक कर ले जा रहे हैं। उधर जालपा स्वयं सहायता समूह मैहला के इंजार्च भवानी शर्मा ने बताया कि वे पिछले चार साल से मिंजर मेले में चंबियाली धाम का स्टाल लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिंजर में आने वाले लोग धाम को काफी पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंबियाली धाम की हाफ प्लेट 30 रुपये में और फुल प्लेट 50 रुपये में मिल रही है।
