मालवाहक में ढो रहे सवारियां

चंबा। चंबा-सुंडला मार्ग पर वाहन चालक सरेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोई जा रही हैं। यह सब पुलिस की आंखों के सामने हो रहा है। लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। विशेषकर नवरात्र की आड़ में धार्मिक आयोजनों के लिए श्रद्धालु जिले के शक्तिपीठों में जा रहे हैं। चालक मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुआें को ठूंस-ठूंस कर भर रहे हैं और मंदिरों तक ले जा रहे हैं। इससे जहां यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है, वहीं हादसे का भी अंदेशा बना हुआ है। वाहन चालक तो इस दौरान खूब चांटी कूट रहे हैं। लेकिन इससे कई लोगों की जानें दांव पर लगाई जा रही हैं। मंगलवार को भी चंबा-सुंडला मार्ग पर कई मालवाहक वाहन सवारियों से लदे हुए भलेई मंदिर की ओर देखे गए। इससे पहले इन वाहनों के मालिकों ने नौ दिन तक चौखी कमाई की है।

Related posts