मार्च पास्ट में जंजैहली को मिली ट्राफी

गोहर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंजैहली में शुक्रवार को चच्योट शिक्षा खंड प्रथम के लड़कों की अंडर-19 खेलें शुरू हो गई हैं। खेलों का शुभारंभ एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने किया। खेलों में खंड के 16 स्कूलों के 267 बच्चे भाग ले रहे हैं। मुख्य अतिथि का स्कूल पहुंचने पर विभिन्न स्कूलों से आए खिलाड़ियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। खेलों के शुभारंभ पर जंजैहली मैदान में बच्चों ने मार्च पास्ट किया और मुख्य अतिथि को सलामी दी। अपने संबोधन में एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने कहा कि खेल शिक्षा के साथ अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि खेलों को आधार बनाकर भी जीवन में मुकाम हासिल किया जा सकता है। मुख्य अतिथि ने आसपास के स्कूलों से आए बच्चों को खेलों के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की और आयोजकों को खिलाड़ियों के लिए अच्छी व्यवस्था करने की अपील की। इस मौके पर मार्च पास्ट में रावमापा जंजैहली को मुख्य अतिथि ने ट्राफी प्रदान की। स्कूल के प्रधानाचार्य चमन ठाकुर और एसएमसी प्रधान रोशन ठाकुर समेत खेलों के शुभारंभ पर अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की। 26 अगस्त मिल्क फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन चेतराम ठाकुर खेलों का विधिवत समापन करेंगे।

Related posts