
नगवाईं (मंडी)। पनारसा जोन की अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता वीरवार से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनारसा में शुरू हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ एडीएम मंडी पंकज राय ने किया। प्रतियोगिता में पनारसा जोन के 18 स्कूल के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। एडीएम ने इस मौके पर कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ खेलकूद भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक तथा मानसिक विकास होता है। उन्होंने बच्चों से खेलों में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। स्कूल की प्रधानाचार्य नीता शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और खेलकूद प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर प्रतिभागी स्कूलों के बच्चों ने मार्चपास्ट की सलामी दी। एडीएम ने मार्चपास्ट की सलामी ली। मार्चपास्ट में मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पनारसा ने प्रथम तथा रावमापा बालू दूसरे स्थान पर रहा। इस मौके पर कोटाधार पंचायत के प्रधान भूप सिंह, एसएमसी के प्रधान दामोदर नेगी, रावमापा नगवाईं के प्रधानाचार्य जीवानंद चौहान, रावमापा नाऊ पनाऊ के प्रधानाचार्य रमेश भनोट मौजूद रहे।
