मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारी आंदोलन को तैयार

मंडी। हिमाचल प्रदेश कृषि उपज मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारी आर-पार की लड़ाई की तैयारी में हैं। कर्मचारी नेताओं ने बोर्ड प्रशासन को आगाह किया है कि यूनियन के साथ बैठक में किए गए लिखित समझौते को तुरंत लागू किया जाए। मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारियों को हिमुडा की तर्ज परपेंशन जारी की जाए। संघ के प्रेस सचिव राजेश जोशी ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड कर्मचारी संघ की शिमला में होने वाली राज्यस्तरीय बैठक में कर्मचारियों से संबंधित सभी लंबित मांगों पर चर्चा होगी। आगे की रणनीति भी तैयार की जाएगी। राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष और सलाहकार से मिलेगा। इसके बावजूद अगर बोर्ड प्रशासन से वार्ता विफल होती है तो प्रदेश सरकार के सरकार के मंत्रियों से मिलकर अपनी मांगों को उनके समक्ष रखा जाएगा। बोर्ड में कई दैनिक भोगी 20 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, लेकिन उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा है। कर्मचारी संघ के नेता हेमराज ठाकुर, हरि सिंह ठाकुर, महासचिव जय प्रकाश शर्मा, दिला राम, सतीश कुमार, राजीव गुप्ता ने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड करोड़ों के मुनाफे में चल रहा है, लेकिन कर्मचारी दिहाड़ीदार ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अब कर्मचारी आंदोलन की तैयारी में है। बोर्ड कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज किया जाएगा। संघ के प्रधान हरि सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्यस्तरीय बैठक में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। प्रदेश के हर जिले से कर्मचारी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा।

Related posts