
अल्मोड़ा। रॉक लिजार्ड सोसाइटी के अध्यक्ष विनोद चंद्र भट्ट का चयन हिमालय प्रदेश के लाहौल स्फीति वैली की सबसे दुर्गम चोटी मारीनाग (21631 फीट) फतह के लिए हुआ है। भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली के तत्वावधान में नौ सदस्यीय पर्वतारोहण दल 15 अगस्त को दिल्ली से मारीनाग के आरोहण के लिए रवाना होगा।
सोसाइटी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विनोद भट्ट की उपलब्धियों पर हर्ष जताया गया। इस मौके पर बताया गया कि विनोद भट्ट ने बेसिक पर्वतारोहण, एडवांस पर्वतारोहण, सर्च एंड रेस्क्यू, माउंटेन गाइड, मैथड आफ इंस्टेक्शन प्रशिक्षण सफलता पूर्वक पूरा किया है। उन्होंने कुमाऊं और गढ़वाल में हाई एल्टीट्यूट ट्रैकिंग, नए मार्गों की खोज, सिक्किम हिमालय में कठिन चोटियों में गिनी जाने वाली फालूग चोटी पर 25 वर्षों बाद सफल आरोहण किया। रॉक लिजार्ड सोसाइटी कार्यालय में हुए कार्यक्रम में विनोद की उपलब्धि पर हर्ष जताया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पर्वतारोही दीप चंद्र भट्ट, सतीश चंद्र भट्ट, बलवंत बल्लभ जोशी, कमल किशोर कांडपाल, अजय चौधरी, संतोष पाठक, मोहित जोशी, ममता मेहरा, शैलेष साह, अजय उप्रेती, योगेश भट्ट, हंसा दत्त, पर्यटन उप निदेशक जेसी बेरी आदि मौजूद थे।
