
बैजनाथ (कांगड़ा)। मारपीट में घायल पंतेहड़ गांव के निवासी 42 वर्षीय बली राम की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने उपमंडलीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनाें को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार बली राम ने 14 जनवरी को पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा था कि वह पंतेहड़ गांव स्थित घर जा रहा था कि अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट करके उसे घायल कर दिया। घटना के बाद बली राम को उपमंडलीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। अब तक पुलिस जांच में सामने आया है कि चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल बली राम को पीजीआई के लिए रेफर किया था। लेकिन परिजन बली राम को आगे पीजीआई ले जाने के बजाय घर ले आए। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बली राम की पंतेहड़ स्थित घर में मौत हो गई। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। बैजनाथ का कार्यभार देख रहे पालमपुर के डीएसपी नवदीप ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों का सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
