
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्री से मारपीट मामले में आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों ने जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मारपीट की आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई न होने पर बच्चों को पोलिया की खुराक न पिलाने की चेतावनी भी दी।
मंगलवार को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगीता चौरसिया से पल्स पोलिया अभियान के दौरान एक महिला ने मारपीट कर दी थी। यहीं नहीं आरोप था कि उसने संगीता का गला भी दबा दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने बमुश्किल संगीता को उसके चंगुल से छुड़वाया और उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इधर इससे भड़के आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों ने गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में विशाल, सुधा पाठक, रितिका बैनर्जी, पप्पू प्रसाद, शकुंतला, मीरा, रोशन जहां, लक्की मलिक, प्रेम सिंह, भीम त्रिपाठी, राजन आदि थे।
