मामा-भांजे को ट्राले ने रौंदा,दोनों की मौके पर मौत

रुद्रपुर। बाइक सवार मामा-भांजे को अनियंत्रित ट्राले ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नई बस्ती, खेड़ा निवासी सरफराज का 17 वर्षीय पुत्र गुफरान एएनझा इंटर कालेज में कक्षा नौ का छात्र था। जबकि उसका भांजा पहाड़गंज निवासी आठ वर्षीय नूर मोहम्मद रैनबो पब्लिक स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता था। बुधवार दोपहर गुफरान बाइक से नूर मोहम्मद को स्कूल से लेने गया था। घर लौटते समय गाबा चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो छात्रों की मौत से पोस्टमार्टम हाउस पर भी लोगों की भारी भीड़ लग गई।

Related posts