माफियाओं और भ्रष्ट अफसरों के गठजोड़ से हो रहा खनन

चौखुटिया। मासी में आयोजित उत्तराखंड क्रांति दल के जिला सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि खनन माफियाओं और पुलिस प्रशासन के भ्रष्ट अधिकारियों के गठजोड़ से कई स्थानों पर अवैध खनन चल रहा है। इस पर तुरंत रोक लगाई जाए। सम्मेलन में गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित करने और पांच ब्लाकों को मिलाकर प्रस्तावित जिले का मुख्यालय केंद्र बिंदु में बनाने की मांग की गई।
पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में डाक्टरों और शिक्षकों के रिक्त पदों में नियुक्ति करने, खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत करने, आपदा पीड़ित परिवारों का पुनर्वास और रोजगार, खस्ताहाल तकनीकी संस्थानों में नए ट्रेड खोलकर उनकी दशा सुधारने, प्रदेश में विभिन्न विभागों में ठेकेदारी प्रथा बंद कर सीधी भर्ती करने सहित 16 प्रस्ताव पारित किए गए।
सम्मेलन को उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री जगदीश बुधानी, केंद्रीय मंत्री कमलजीत नारायण दास, महिला प्रकाष्ठ की जिलाध्यक्ष कांता रावत, हेम रावत, पुष्करपाल सिंह, पानसिंह रावत और जगदीश सिंह आदि ने संबोधित किया। संचालन बसंत उपाध्याय ने किया।
सम्मेलन में उक्रांद के ब्लाक अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, आनंद किरौला, मनोज शर्मा, गणेश जोशी, कुंदनराम, बालम किरौला, नरेंद्र मेहरा, शंकर देवतला, लक्ष्मण गिरी, प्रेम सिंह अटवाल, किशन सिंह, शिव कुमार, आनंद नाथ आदि कई कार्यकर्ता मौजूद थे। अंत में गजेंद्र नेगी को सांगठनिक जिला रानीखेत का अध्यक्ष और बसंत उपाध्याय को महामंत्री चुना गया।

Related posts