
धर्मशाला। मानव तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कांगड़ा पुलिस मुस्तैद हो गई है। जिलेभर के तमाम थानों में एसएचओ की अध्यक्षता में कमेटियों का गठन किया गया है। पुलिस अब गुप्त सूचना के आधार पर भी छापामारी करेगी। पुलिस ने मानव तस्करी से जुड़े मामलों पर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस जिलेभर में स्थित ढाबों और होटलों में भी रेड करेगी और वहां काम करने वाले लोगों के बारे में जानकारियां हासिल करेगी। शिकायत मिलने पर भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगी। वहीं, धर्मशाला थाना में भी अभी तक मानव तस्करी के दो मामलों पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इनमें से एक मामला मैकलोडगंज का है। जबकि दूसरा मामला धर्मशाला का ही है। इन दोनों मामलों में बिहार के कम उम्र के युवक से होटलों में काम लिया जा रहा था। पुलिस ने दोनों ही युवकों को होटल मालिक के चुंगल से छुड़वाकर बाल आश्रम में भेज दिया है। यही नहीं, पुलिस मानव तस्करी से जुड़े सैक्स रैकेट, लड़कियों के दूसरे जिला में बेचने के मामलों पर भी छानबीन कर रही है। हालांकि पुलिस के पास अभी तक इन मामलों को लेकर शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस इसके अलावा जिलाभर के तमाम होटलों में भी समय-समय पर रेड करेगी और जानकारियां हासिल करेगी। वहीं, कमेटियां गठित होने के बाद पुलिस संबंधित इलाकों में दौरा कर रही है।
उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि मानव तस्करी को रोकने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए थाना स्तर पर कमेटियों का गठन हुआ है। कमेटियों के सदस्य मानव तस्करी से जुड़े मामलों का पता लगाएंगे।
