माता-पिता के लिए भटक रहा देवरिया का रविशंकर

हरिद्वार। चारधाम यात्रा पर आए अपने लापता माता-पिता की तलाश में देवरिया का युवक रवि शंकर दर-दर भटक रहा है। उसके माता-पिता गांव के सात अन्य लोगों के साथ केदारनाथ मंदिर गए थे। आपदा के बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
युवक रवि शंकर मिश्रा निवासी ग्राम नकडिहा, सिसवा, पांडव, भलुवनी, रुद्रपुर, देवरिया यूपी अपने पिता अर्जुन मिश्रा और माता निर्मला मिश्रा की तलाश में मंगलवार को हरिद्वार पहुंचा। उन्होंने बताया कि तीन जून को माता-पिता अन्य पांच साथियों के साथ चार धाम यात्रा पर निकले थे। ऋषिकेश पहुंचने के बाद वह आठ जून को उत्तराखंड बस सेवा से केदार नाथ की ओर कूच कर गए थे। आपदा के बाद से उसके माता-पिता का कोई सुराग नहीं लग रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा पर गए दो लोग लौट आए हैं, जबकि पांच लोगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। युवक ने बताया कि उसके पिता अरुणाचल प्रदेश में सहायक जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उनके लापता होने से पूरा परिवार तनाव में हैं। उन्होंने बताया कि सीएम विजय बहुगुणा सहित कई अफसरों को इस संबंध में ज्ञापन भी प्रेषित किया गया है। लेकिन, अभी तक उसके माता-पिता का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

Related posts