
चारों विस क्षेत्र के लिए संयोजक नियुक्तकुल्लू। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी जिला कमेटी कुल्लू ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज कर दिया है। पार्टी राज्य कमेटी के सदस्य एवं कुल्लू ब्लॉक के सचिव होतम सिंह सौंखला ने कहा कि पूरे जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी उम्मीदवार कुशाल भारद्वाज के लिए प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कमेटी ने सभी विस क्षेत्रों के लिए संयोजकों और प्रचार कमेटियों का गठन भी कर दिया है। इसमें मनाली से भूप सिंह भंडारी, अनिल कुमार, चमन लाल, कुल्लू विस से होतम सिंह सौंखला, राजेश ठाकुर, खेमचंद, बंजार विस से नारायण चौहान, मोत राम कटवाल, शेर सिंह नेगी, आनी विस क्षेत्र से प्रताप ठाकुर, गीता राम, देवकी नंद और पूर्ण ठाकुर के नेतृत्व में प्रचार किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर किया जा रहा है। सौंखला ने कहा कि कांग्रेस समर्थित यूपीए सरकार की जनता विरोधी नीतियों के चलते देश की जनता को महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से त्रस्त होना पड़ रहा है। देश की जनता कांग्रेस को नकार रही है। दूसरी ओर भाजपा सत्ता में आने के सपने देख रही है, जो देश की जनता पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पार्टी के उम्मीदवार कुशाल भारद्वाज के लिए वोट मांग रहे हैं। 12 अप्रैल को मंडी में पार्टी उम्मीदवार के नामांकन के दिन विशाल रैली निकाली जाएगी। इसमें कुल्लू से पार्टी कार्यकर्ता और आम जनता भारी संख्या में भाग लेगी।
