मां राजराजेश्वरी देवी मंदिर भी खतरे में

नरेंद्रनगर (टिहरी)। भारी बारिश से गजा क्षेत्र के ग्राम नैचोली स्थित मां राजराजेश्वरी देवी मंदिर को भी खतरा हो गया है। कुछ दिन पूर्व मंदिर के पास हुए भारी भू-धंसाव से मंदिर का प्रवेश द्वार ध्वस्त हो गया और मंदिर तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया। ऐसे में भक्तों को मंदिर आने और पूजा-अर्चना में दिक्कतें झेलनी पड़ी। मंदिर के पुजारी दिनेश उनियाल, मनोहर चौहान, मकान सिंह चौहान और प्रधान विक्रम पुंडीर ने बताया कि भूस्खलन होने से मंदिर परिसर में दरारें पड़ गई, जबकि धर्मशाला और पूजाघर बनाने के लिए रखी गई दो लाख की निर्माण सामग्री मलबे से दब गई। मंदिर परिसर की शीघ्र मरम्मत नहीं की गई तो मंदिर को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इससे देवी भक्त आहत हैं।

Related posts