मां महागौरी से की सुख समृद्धि की कामना

मां महागौरी से की सुख समृद्धि की कामना
सोलन। आठवें नवरात्रे पर जिला के विभिन्न मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां महागौरी की पूजा अर्चना की तथा सुख समृद्धि की कामना की। कथाओं के अनुसार मां महागौरी को अठारह गुणों का प्रतीक माना जाता है। वह धन धान्य, गृहस्थी, सुख और शांति प्रदात्री हैं।
पंडित गौरी शंकर के अनुसार भगवान शिव ने मां काली पर गंगाजल छिड़का था तथा वह महागौरी बन गई। महागौरी सृष्टि का आधार हैं। यह अक्षत सुहाग की प्रतीक देवी हैं। वहीं पंडित किश्न दत्त शर्मा ने बताया कि देवी के इस रूप की पूजा अर्चना विवाहित महिलाओं को अखंड सौभाग्य का फल प्रदान करती है। इस दौरान सोलन के प्रसिद्ध शूलिनी माता मंदिर में सुबह चार बजे से लगी भीड़ देर शाम तक बढ़ती चली गई। छुट्टी होने के कारण सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपने परिवार सहित माता के मंदिर में शीश नवाया। नवरात्रों के दौरान कई भक्तों ने व्रत उपवास किए। उन्होंने अष्टमी को मां शूलिनी मंदिर में कंचकों का पूजन किया तथा प्रसाद दक्षिणा देकर अपने व्रत संपूर्ण होने की मां से प्रार्थना की। इस दौरान कई मंदिरों में भंडारे का आयोजन भी किया गया। वहीं सोलन के प्राचीन शिव मंदिर जटोली, सलोगड़ा व मुरारी मार्केट स्थित दुर्गा माता मंदिर, मनसा माता मंदिर धर्मपुर समेत परवाणू, बद्दी, नालागढ़, अर्की, कुनिहार और कसौली के सभी प्रसिद्ध मंदिरों में भीड़ लगी रही।

Related posts