
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी में चल रहे शारदीय नवरात्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर न्यास ने मंदिर को 24 घंटे मां के दर्शनों के लिए खुला रखा। शुक्रवार को 12 हजार भक्तों ने मां ज्वाला के दर शीश नवाया।
पंजाब से आए श्रद्धालु दीपक, हरमीत, ओजस, गुरनाम का कहना है कि दर्शन करने में कोई असुविधा नहीं हो रही है। छठे नवरात्र पर श्रद्धालुओं ने 4 लाख 42 हजार 460 रुपये नगद, 2 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना और 266 ग्राम चांदी अर्पित की। मंदिर ट्रस्ट प्रधान दिव्यांशु भूषण, सुरेंद्र काकू, भवानी दत्त, वेनी माधव, पवन शर्मा, संजीव सूद, पार्वती शर्मा, प्रेमानंद, धर्मपाल भी मंदिर में हर गतिविधि पर पूरी नजर रख रहे हैं। मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर को चौबीस घंटे खुला रखा गया है।
बॉक्स…
बज्रेश्वरी में 15 हजार ने टेका माथा
बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में सातवें नवरात्र पर 15 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने बताया कि छठे नवरात्र पर भक्तों ने तीन लाख 30 हजार रुपये की नगदी, एक ग्राम सोना और 378 ग्राम चांदी चढ़ाई गई।
चामुंडा में साढ़े तीन हजार ने किए दर्शन
चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में सातवें नवरात्र पर साढ़े तीन हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मंदिर अधिकारी सुरजन सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं तथा श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा के बीच मां के दर्शन कर रहे हैं।
