
मंडी। जिला डीपीई एसोसिएशन समन्वय समिति की बैठक में कई मांगों पर चर्चा की गई। रविवार को पड्डल मैदान में एसोसिएशन के उप प्रधान संतोष कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जिले भर के खंडों से आए डीपीई ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि डीपीई एसोसिएशन की अगली बैठक 15 दिसंबर को कन्या स्कूल मंडी में होगी। इस दौरान एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
समन्वय समिति के अध्यक्ष अनिल पठानिया ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश भर में सात सौ के करीब डीपीई ऐसे हैं, जिन्हें अभी तक ग्रेड पे से महरूम रहना पड़ रहा है। इस वर्ग में वे डीपीई भी हैं जो पीईटी से पदोन्नत होकर डीपीई बने हैं। उनका ग्रेड पे मात्र 3600 रुपये है। जबकि, डीपीई एसोसिएशन ने इस बारे में कई बार विभाग एवं सरकार से वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई है, लेकिन अभी तक इस पर कोई सार्थक प्रयास नहीं किए गए हैं।
एसोसिएशन ने सरकार एवं विभाग को चेताते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही डीपीई की मांगों एवं समस्याओं पर विचार नहीं किया गया तो मजबूरन उन्हें आंदोलन की राह अख्तियार करनी पडे़गी। एसोसिएशन ने मांग की है कि समान कार्य समान वेतन के आधार पर वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। इस अवसर पर डीपीई एसोसिएशन के रमेश कुमार, जीवानंद, लोकपाल, इंद्र सिंह, प्रदीप, यशपाल गुलेरिया, सुरेंद्र, राजकुमार, सुरेश, राजेश, लाल चंद मौजूद रहे।
