
मंडी। एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन अपनी मांगों को लेकर फिर संघर्ष के रास्ते पर उतर पड़ा है। संगठन की मंडी जिला इकाई ने मंगलवार को विभिन्न मांगों के समर्थन में राज्य अध्यक्ष एमआर भारद्वाज की अगुवाई में सेरी मंच से संघर्ष की शुरुआत कर दी है। संगठन के पदाधिकारी तीन दिवसीय अनशन पर हैं। वहीं, संगठन के महासचिव प्यारे लाल ठाकुर का कहना है कि मंगलवार से शुरू हुए अनशन के दौरान निर्णय लिया गया है कि यदि प्रदेश एवं केंद्र सरकार संगठन की मांगों के बारे में कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लेती है तो अनशन को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।
संगठन की मांगों में हिमाचल के गुरिल्लाआें को मणिपुर की तर्ज पर आवश्यक लाभ देना है। मामला गृह मंत्रालय के पास विचाराधीन है। गृह मंत्रालय गुरिल्लाआें को समायोजित करने के लिए प्रदेश सरकार से भी पहले संपर्क साध चुका है। बावजूद इसके मसला नहीं सुलझ सका है। संगठन की मांगें गृह मंत्रालय तथा प्रदेश सरकार के बीच उलझ कर रह गई हैं। मंगलवार को संगठन के राज्य अध्यक्ष एमआर भारद्वाज भी अनशन पर उतर गए। इसके अलावा उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महासचिव प्यारे लाल ठाकुर, जगदीश मेहता, सुनील, राजेंद्र, चंबा से सुरेश सोनी, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार तथा दुर्गी देवी आदि तीन दिन के अनशन पर हैं। इधर, एमआर भारद्वाज ने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार गुरिल्ला संगठन का शोषण कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि जल्द संगठन की मांगों को पूरा न किया गया तो संगठन अनशन को अनिश्चितकालीन रूप दे देगा।
