मांगों को लेकर लोनिवि कर्मियों का प्रदर्शन

धर्मपुर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग कर्मचारी महासंघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ इकाई धर्मपुर ने कुछ कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर कर फील्ड ड्यूटी देने के विरोध में मंडल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। महासंघ के मंडल अध्यक्ष प्रेम चंद पालसरा की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में भारतीय मजदूर संघ के प्रांतीय सचिव मंगत राम नेगी ने विशेष रूप से शिरकत की। प्रेम चंद पालसरा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय में तैनात कुछ कर्मचारियों को बाहर कर फील्ड में भेजा गया है। कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यालय में तैनात या तो सभी कर्मचारियों को फील्ड में भेजा जाए या तो जिन कर्मचारियों को बाहर किया गया, उन्हें भी कार्यालय में तैनात किया जाए। अधिशासी अभियंता की ओर से महासंघ के पदाधिकारियों को बुधवार को वार्ता के लिए समय देने पर कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। इस मौके पर रेखा देवी, रोशनी देवी, सुंफली देवी, ब्रह्मदेव, पलसराम, टेक चंद, सतीश कुमार, शशि कुमार व यूनियन सचिव नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।

Related posts