
रामपुर बुशहर। हिमाचल किसान सभा अपनी मांगों को लेकर 20 फरवरी को निरमंड में सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगी। वहीं क्षेत्र के लोगों की मांगों को लेकर भी सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। किसान सभा का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, बिजली और पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का टोटा है लेकिन इसके बाद भी सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए कोई कड़े कदम नहीं उठा पा रही है।
किसान सभा निरमंड इकाई के अध्यक्ष देवकी नंद और सचिव पूर्ण ठाकुर का कहना है कि क्षेत्र में सड़कों की हालत खस्ता है। सड़कों के किनारे लगाए गए डंगे धंस रहे हैं जिससे कभी भी सड़क हादसा हो सकता है। इसके अलावा क्षेत्र के कई गांवों में पानी की समस्या लंबे समय से चल रही है। वहीं बिजली के लोहे के पोल सड़क किनारे पड़े हुए हैं लेकिन इसके बाद भी बिजली बोर्ड लकड़ी के सड़े हुए पोल के ऊपर से बिजली की सप्लाई ले जा रहे हैं जो कभी भी हादसे को न्यौता दे सकता है। वहीं नित्थर में नायब तहसीलदार नहीं बैठ रहा है जबकि यहां करीब तीन साल पहले उप तहसील खोली गई है। इसके चलते क्षेत्र की 12 पंचायतों के लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। किसान सभा का कहना है कि प्रदेश और केंद्र सरकार को लोगों की कोई चिंता नहीं है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में लोगों को दो वक्त की रोटी से भी महरूम होना पड़ जाएगा। सभा का कहना है कि सरकार के पास विधायक और मंत्रियों के वेतन और भत्ते बढ़ाने के लिए पैसा है लेकिन जब गरीब की बात आती है तो सरकार के पास पैसे की कमी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को समय रहते नहीं माना तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र रूप दिया जाएगा।
