
मंडी(ओम प्रकाश) आल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन मांगों की लगातार हो रही अनदेखी से नाराज है। इस पर एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि लोस चुनाव में उसी पार्टी को समर्थन दिया जाएगा जो होमगार्ड वेलफेयर की नियमितिकरण की मांग को चुनाव घोषणापत्र में स्थान देगी। बैठक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजय शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें एसोसिएशन ने दोनों दिग्गज दलाें कांग्रेस और भाजपा के परिपेक्ष में यह फैसला लिया है। विजय शर्मा ने कहा कि देश में छह लाख के करीब होमगार्ड जवान विभिन्न विभागों और महत्वपूर्ण लोगों की सुरक्षा में सेवाएं दे रहे हैं।
ठिठुरती ठंड में होमगार्ड जवान रात भर गश्त पर रहते हैं लेकिन उसे न तो नियमित किया जा रहा है और न ही अन्य लाभ दिए जा रहे हैं। खुद की वर्दी, जूते के साथ होमगार्ड जवान दिन-रात सेवाएं देते हैं। ठिठुरती सर्दी में कोई गृह रक्षक बीमार हो जाए तो उसे मेडिकल रेस्ट नहीं बल्कि ड्यूटी से ऑफ कर दिया जाता है। एसोसिएशन ने मांगाें की प्रतिलिपियां प्रधानमंत्री, कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज तथा राजनाथ को भेजी हैं। कहा कि जो पार्टी उन मांगों को घोषणापत्र में स्थान देगी आल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन उसी पार्टी को समर्थन देगी। इस अवसर पर भूपेंद्र शर्मा, मेहर सिंह ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, सावित्री देवी और कुसुमा देवी मौजूद रहीं।
