
बागेश्वर। गांव गरीब महिला उत्थान मंच के बैनर तले मंच के संस्थापक बिशन सिंह टंगड़िया ने यहां 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। यहां हुई सभा में उन्होंने कहा कि आश्वासन के बाद भी उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा है।
सोमवार को ग्रामीणों के साथ श्री टंगड़िया यहां तहसील परिसर पहुंचे और समर्थकों के साथ अमरण अनशन शुरू कर दिया। श्री टंगड़िया ने कहा कि लेटी गांव के गड़िया में मंदिर का सौंदर्यीकरण, कमेड़ी से पाए तक सड़क निर्माण, जौलकांडे-लेटी मार्ग का निर्माण शुरू करने, चामी, मयेड़ी, सात रतबे के ग्रामीणों को कटी भूमि का मुआवजा देने, अवैध शराब की बिक्री रोकने, ग्राम पंचायत चामी में प्रस्ताव के बाद भी मकान नहीं दिए जाने सहित 20 सूत्रीय मांगों को लेकर वह कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा है। जिससे क्षुब्ध होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। इस अवसर पर मोहन सिंह रावत, गोविंद सिंह ड्याराकोटी, गंगा दत्त जोशी, ठाकुर सिंह रावत, कुंदन सिंह रावत, चंद्र सिंह टंगड़िया, कुंदन रावत, गोविंद सिंह, रमेश टंगड़िया, गुंसाई सिंह टंगड़िया आदि मौजूद थे।
