मांगें मानो वरना उग्र आंदोलन

शिमला(वी डी शर्मा)एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार से कर्मचारियों की सभी मांगें तुरंत पूरी करने की मांग की है। जेसीसी ने दो टूक कहा है कि यदि कर्मचारियों की सभी मांगें मान ली जाती हैं तो तुरंत हड़ताल वापस ले ली जाएगी और यदि कर्मचारियों को गुमराह करने की कोशिश की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। निगम कर्मियों ने परिवहन मंत्री पर कर्मचारियों को भ्रमित करने का भी आरोप लगाया।
शनिवार को एचआरटीसी कर्मचारियों ने ओल्ड बस स्टैंड और ढली स्थित वर्कशाप में गेट मीटिंग की। ओल्ड बस स्टैंड में गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए एचआरटीसी सर्व कर्मचारी यूनियन के सचिव देवी चंद शर्मा ने कहा कि निगम कर्मी हड़ताल पर नहीं जाना चाहते लेकिन प्रबंधन के मौजूदा रुख के कारण हड़ताल का फैसला लेना पड़ा है। अभी भी यदि निगम प्रबंधन कर्मचारियों की सभी मांगें मान जाता है तो हड़ताल वापस ले ली जाएगी अन्यथा 11 मार्च को हड़ताल के बाद आंदोलन को और उग्र कर दिया जाएगा।
सेवानिवृत्त कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष श्याम लाल ने कहा कि प्रबंधन की नीतियों के कारण सेवानिवृत्त होने के बाद भी कर्मचारियों को अपने हक पाने के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। ढली में जेसीसी के सचिव हाकम सिंह ठाकुर ने कहा कि अन्य विभागों की तर्ज पर यदि एचआरटीसी कर्मचारियों को भी सभी वित्तीय लाभ तय समय में दिए गए होते तो हड़ताल की नौबत न आती। ओल्ड बस स्टैंड में आयोजित गेट मीटिंग में मिनिस्ट्रीयल स्टाफ यूनियन के सचिव रोशन वर्मा, ओम प्रकाश, राजेश चौहान, राजेश शर्मा, सुरजन सिंह, बलदेव, राजेंद्र सिंह, खेमचंद, सत्यपाल, अनिल, भीमानंद, भूपेंद्र और ताराचंद उपस्थित रहे। उधर, ढली कार्यशाला में आयोजित गेट मीटिंग में संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष हरी लाल, जोधामल, गौतम कुमार, नरेश चंद, मदन लाल, भगत राम, पूर्ण सिंह और गोविंद सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related posts