महेश्वर ने खोला था भाजपा का खाता

कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव को लेकर कुल्लू में सियासी माहौल गरमा गया है। मंडी ससंदीय सीट से अब तक तीन बार भाजपा के सांसद रहे महेश्वर सिंह इस बार उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ आग उगलने को बेताब हैं। महेश्वर सिंह ने ऐलान किया है कि मंडी लोस उपचुनाव में हिलोपा खुलकर भाजपा का विरोध करेगी।
1980 से लेकर अब तक मंडी संसदीय सीट पर केवल महेश्वर सिंह ही भाजपा को जीत दिला पाए हैं। इसके अलावा मंडी सीट से भाजपा का कोई भी प्रत्याशी अभी तक खाता नहीं खोल पाया है। 1977 में बीएलडी के गंगा सिंह ने लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद महेश्वर सिंह ने 1989 में लोक सभा चुनाव जीतकर मंडी सीट से भाजपा का खाता खोला। इसके अलावा महेश्वर सिंह 1998 और 1999 में भी लोक सभा चुनाव में मंडी सीट पर चुनाव जीत चुके हैं।
मंडी लोक सभा सीट पर महेश्वर सिंह को 1991, 2004 और 2009 के चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था। मंडी लोकसभा सीट पर भाजपा का खाता खोलने वाले महेश्वर सिंह इस बार खुलकर भाजपा का विरोध करेंगे। इसके लिए हिलोपा ने बैठकों का दौर भी शुरू कर दिया है। महेश्वर सिंह का कहना है कि जय राम से उनके अच्छे संबंध हैं लेकिन राजनीति में व्यक्तिगत मित्रता नहीं चलती है।
हिलोपा इस बार मंडी लोक सभा उपचुनाव में भाजपा का विरोध करेगी। इधर राजनीति के जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा को महेश्वर सिंह की अनदेखी भारी पड़ी थी। महेश्वर सिंह ने कई सीटों पर भाजपा का खेल बिगाड़ा है। भाजपा दोबारा सत्ता में वापस नहीं आ पाई थीं। अब देखना यह है कि मंडी लोक सभा उपचुनाव में भाजपा का विरोध कर हिलोपा भाजपा को कितना नुकसान पहुंचाती है।

Related posts