महिला से डेढ़ किलो चरस बरामद

चंबा/डलहौजी। बनीखेत पुलिस ने बौंखरी मोड़ के पास एक महिला को चरस ले जाते रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार शनिवार को बनीखेत पुलिस के मुख्य आरक्षी भगवान सिंह, मदन लाल, बुद्धि सिंह, आरक्षी संजय और महिला आरक्षी इंदू , किरण पठानिया, कुको देवी की टीम ने बौंखरी मोड में नाका लगा रखा था। इसी दौरान सनवाल से पठानकोट जा रही हिमाचल परिवहन निगम की बस की रुटीन चैकिंग की गई। इस दौरान इस बस में सवार एक महिला की शक के आधार पर तलाशी ली गई तो उसके पास से डेढ़ किलो चरस बरामद की गई। इस महिला की पहचान डुमणी देवी पत्नी माधोराम निवासी बौंदेडी (चुराह) के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मादक दव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, लगातार महिलाओं के चरस तस्करी में सामने आने से जाहिर हो गया है कि चरस तस्करों ने गरीब महिलाओं को भी इस काले धंधे में शामिल कर लिया है। जिला पुलिस ने चरस तस्करी के मामले में खासकर पुरुषों को ही शिकंजे में लिया है। कुछ माह से महिलाओं को भी इस धंधे में धकेलना शुरू कर दिया गया है। महिला के चरस सहित धरे जाने का यह लगातार तीसरा मामला है। इससे पहले भी दो महिलाएं चरस रखने के आरोप में जिला कारागार में बंदी चल रही हैं। डीएसपी रमन सिंह ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में किसी महिला के पकड़े जाने का यह पहला मामला सामने आया है। इससे पहले इस मामले में 50 के करीब पुरुषों को दबोचा जा चुका है।

Related posts