महिला सुरक्षा एवं उनकी आर्थिकी पुख्ता करे सरकार : कपूर

नाहन (सिरमौर)(दीप राम)महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उपायुक्त के मार्फत विभिन्न मांगों संबंधी एक पत्र सौंपा। समिति की प्रदेश अध्यक्षा संतोष कपूर के नेतृत्व में महिलाओं ने सामाजिक, आर्थिक, नीतिगत, शैक्षणिक अधिकारों सहित हिंसात्मक मुद्दों का प्रमुखता से उठाया। समिति की महिलाओं ने महिला हिंसा को तत्काल प्रभाव से रोकने पर बल दिया। साथ ही महिलाओं के उत्थान एवं सुरक्षा के लिए विशेष बजट की भी मांग की। महिलाओं ने बढ़ती महंगाई पर भी रोक लगाए जाने की मांग की।
समिति ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि शराब बिक्री तथा उत्पादन पर प्रभावी नियंत्रण किया जाना चाहिए। साथ ही युवाआें को मिल रहा कौशल विकास भत्ता समय पर प्रदान किया जाए। समिति ने मांग की कि 55 वर्ष से अधिक महिलाओं तथा विकलांग महिलाओं को सार्वभौमिक पेंशन कम से कम दो हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। समिति ने विधानसभा तथा लोकसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण की मांग की। इस मौके पर जिला कमेटी की अध्यक्षा सीता तोमर, सचिव अमिता चौहान सहित दर्जनों अन्य महिलाएं मौजूद थीं।
उधर जिला परिषद सभागार में आयोजित महिला विकास विभाग के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि डीएसपी बबीता राणा ने शिरकत की।

Related posts