महिला प्रतिनिधियों ने की घायल महिला से मुलाकात

पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में भर्ती दीपा उपरारी से महिला संगठन की प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल की मांग पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डा. एनएस कुटियाल ने महिला को अस्पताल से निशुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया करा दी है। इन लोगों ने महिला और उनके नवजात बच्चे के लिए कंबल और कपड़े समेत तमाम सामग्री भी दी है।
जिला अस्पताल में भर्ती इस महिला ने 10 दिन पूर्व एक बालिका को जन्म दिया है। इस बात से नाराज होकर महिला के पति ने उसके साथ मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। शनिवार को महिला संगठन की प्रतिनिधि नम्रता बोहरा, अंबिका महर, विजयेता महर, सेवानिवृत्त शिक्षिका माधवी बोहरा और भाकपा माले के जिला सचिव जगत मर्तोलिया ने जिला अस्पताल पहुंचकर महिला से मुलाकात की। घायल दीपा उपरारी ने बताया कि उसका पूर्व में एक लड़का और एक लड़की भी हो चुकी है। पति के अलावा सास-ससुर द्वारा भी उसके साथ मारपीट की जाती है। बाद में प्रतिनिधि मंडल ने डा. कुटियाल से मुलाकात कर महिला को सभी सुविधाएं निशुल्क देने की मांग की। जिस पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने अपनी सहमति दे दी। प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर महिला के साथ मारपीट करने वाले पति के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।

Related posts