
बरोट (मंडी)। बरोट से 16 किमी दूर बड़ागांव पंचायत में भालू ने एक महिला को लहुलुहान कर दिया। बुधवार सुबह भालू ने महिला पर उस समय हमला कर दिया, जब वह घर से दो किमी दूर पशुओं को चराने गई थी। भालू के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से उसे पीएचसी बरोट पहुंचाया, जहां से महिला को प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के लिए रैफर कर दिया है। घायल महिला मंगती देवी (51) पत्नी गुरध्यान सिंह निवासी बड़ागांव ने बताया कि वह सुबह 11 बजे अपने पशुओं को चराने गई थी। अचानक झाड़ियों के पीछे घात लगाए बैठे भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में भालू ने महिला के दोनों बाजुओं को बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। महिला ने बताया कि कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो भालू वहां से भाग चुका था। घायल महिला को ग्रामीणों ने पीएचसी बरोट पहुंचाया। बरोट पीएचसी के प्रभारी डा. विनय ने बताया कि इस घटना में महिला का एक बाजू टूट गया है, जबकि दूसरा बाजू जख्मी है। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जोगिंद्रनगर अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है। इधर वन्य प्राणी आरओ बीड़ सुशील गुलेरिया ने बताया कि घटना की सूचना वन मंडलाधिकारी हमीरपुर को दे दी गई है। शीघ्र ही घायल महिला को राहत राशि दे दी जाएगी।
