

सुरक्षा कर्मियों द्वारा बचा लिया गया महिला को
सुंदरनगर: बीएसएल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने कंट्रोल गेट के समीप नहर में छलांग लगाकर अपनी इहलीला समाप्त करने की कोशिश की लेकिन कंट्रोल गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसके इरादों को विफल कर दिया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे के करीब एक विवाहित महिला भोजपुर बस स्टैंड की तरफ से पैदल आई और उसने कंट्रोल गेट से तकरीबन 100 फुट दूर सीढिय़ों से नीचे उतर कर एकाएक नहर में छलांग लगा दी।
गनीमत यह रही कि उसे ऐसा करते कुछ लोगों ने देखा और शोर मचा दिया। इसी बीच वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मी व उसके साथियों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बचा लिया। उसे आसपास के लोगों की मदद से सिविल अस्पताल सुंदरनगर में उपचार के लिए 108 एम्बुलैंस के माध्यम से ले जाया गया जहां महिला का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक उक्त महिला की हालात खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस ने अस्पताल में उक्त महिला के परिजनों के बयान कलमबद्ध किए।
बताया जा रहा है कि दिमागी परेशानी के चलते महिला अपने मायके पन्यास (नालनी) सुंदरनगर में इलाज करवाने के लिए आई थी। सोमवार को वह अपने पिता सोणु राम के साथ ससुराल जाने सुंदरनगर बस अड्डे पर पहुंची और वहां वह अपने पिता को चकमा देकर बस अड्डे से बाहर निकली और कुछ दूर जाकर नहर में छलांग लगा दी। मामले की छानबीन बीएसएल थाना के हैड कांस्टेबल धर्म सिंह कर रहे हैं।
