महिला को पाउडर सुंघा मंगलसूत्र ले उड़े

पांगणा (मंडी)। करसोग के बगशाड़ और अलसिंडी में महिलाआें से दिनदिहाड़े लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब पौने छह बजे भागीरथी पत्नी नरेश कुमार निवासी जोहड़ी अपने घर के साथ खेतों में काम कर रही थी। अचानक पीछे से आकर अज्ञात लुटेरों ने महिला को कोई नशीली चीज सुंघा दी। जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद लुटेरे महिला के गले से मंगलसूत्र और हाथ से अंगूठी निकालकर ले गए। इस वारदात के अगले दिन मंगलवार सुबह नौ बजे इसी क्षेत्र के अलसिंडी के तरौर गांव निवासी सरला देवी पत्नी देवी राम अपने खेतों से घास लाकर वापस घर आ रही थी। अचानक काले कपड़े पहने व्यक्ति ने सरला देवी के साथ छीनाझपटी कर दी और कान से सोने की बालियां छीनकर मौके से फरार हो गया। घबराकर महिला ने लुटेरे पर दराती से वार भी किया। चुराग क्षेत्र में भी महिला से लूट की कोशिश की गई। महिलाओं की शिकायत पर करसोग पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। करसोग पुलिस थाना प्र्रभारी सतीश शर्मा और डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि बगशाड़ से पाउडर के सैंपल लेकर फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं। चुराग से तत्तापानी पुलिस जगह-जगह पर नाके लगाकर छानबीन कर कर रही है। डीएसपी कुलभूषण ने बताया कि रात भर पुलिस टीम ने लोगों व ग्रामीणों की निशानदेही पर इलाके का चप्पा-2 छान दिया। लेकिन, अभी तक लुटेरे का सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि पुलिस को सही जानकारी दें। ताकि शीघ्र ही लुटेरों को पकड़ा जा सके।

Related posts