महिला की हत्या कर लाश खेतों में फेंकी

इंदौरा (कांगड़ा)। पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत कुड़साई पंचायत में एक अधेड़ महिला की हत्या कर दी गई है। हत्यारों ने महिला का चेहरा कुचल कर लाश खेतों में फेंक दी। मृतक महिला की पहचान शांति देवी (52) पत्नी बिशंबर सिंह गांव नादौन कुड़साई पंचायत के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक शांति देवी काफी अरसा पहले अपने पति से अलग हो गई थी और अपनी बेटी के घर (मीरथल) में रहती थी। शनिवार को महिला मीरथल से अपनी बेटी के घर से वापस अपने गांव पहुंची थी और सुबह खेतों की उसकी लाश नग्नावस्था में मिली। पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। डीएसपी राजीव अत्री ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार कुड़साई पंचायत के नादौन गांव का प्रताप सिंह रविवार सुबह खेतों में गया तो उसने अधेड़ महिला की लाश देखी। इसकी सूचना इंदौरा पुलिस थाने को दी गई। अतिरिक्त थाना प्रभारी चैन सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में ले लिया गया। इसी बीच डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री भी मौके पर पहुंचे। लाश नग्नावस्था में पड़ी थी। शव की पहचान को छिपाने के लिए चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।

Related posts