महिला का गला रेता, अस्पताल में भर्ती

कोटद्वार। आमपड़ाव मोहल्ले में शुक्रवार को शाम करीब चार बजे घर में घुस कर एक महिला का गला रेतने की कोशिश की गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप है। लोगों ने अपराधी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। घटना के कुछ देर बाद आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
घटनाक्रम के अनुसार शांति देवी (55) पत्नी द्वारिका प्रसाद अग्रवाल निवासी आमपड़ाव घर में अकेली थी। यह देख कर उनके पड़ोस में रहने वाला युवक संजय जोशी उनके घर में घुसा। उसने अंदर से दरवाजा बंद किया और धारदार हथियार से महिला का गला रेत डाला। उसने घर में लूटपाट भी की। इस दौरान महिला का नौकर सुरेश वहां पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर आवाज आने से वह घबराया और उसने पड़ोस में जाकर अन्य लोगों को बताया। आसपास के लोगों ने वहां आकर दरवाजा तोड़ा। अंदर गए तो देखा शांति देवी बेहोश पड़ी थीं। उनका गला काफी कटा था। इस बीच दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर अपराधी छत के रास्ते भाग गया। परिजन घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार चल रहा है। कुछ देर बाद आरोपी घबराकर खुद ही पुलिस के पास आ गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार उसके साथ कोई और भी था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार महिला का गला काफी कटा है, लेकिन उनकी नसें ठीक हैं। उपचार किया जा रहा है।

Related posts