
नाहन (सिरमौर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आदेशों के बाद स्वास्थ्य महकमा अपनी भूल को सुधारने के प्रयास में जुटा है। बावजूद इसके महिला एवं प्रसूति गृह वार्डों में साफ सफाई ढर्रे से बाहर है। परिसर के भीतर बने शौचालयों की दशा अभी भी सुधरनी बाकी है। अस्पताल में भर्ती अधिकतर महिला एवं पुरुष मरीजों का यही कहना है कि अन्य असुविधा तो झेली जा सकती है मगर खटमलों ने पूरी रात नींद उड़ाए रखी। दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों तथा तीमारदारों में अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं के प्रति भारी रोष है।
तीमारदार नागेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सोनू, सुरेश कुमार, महेंद्र सिंह, सुमन देवी एवं नारदा देवी ने बताया कि अस्पताल के फीमेल एवं प्रसूति वार्ड में कभी कभार मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में बच्चा जनने वाली महिलाओं को समुचित सुविधाएं नहीं मिल पाती। इसके साथ ही फीमेल वार्ड में पानी के नलके भी टूटे हुए हैं। जिनसे लगातार पानी की बर्बादी हो रही है। कई बार तो ऐसी समस्या आ जाती है कि तिमारदारों को मरीजों के लिए बाहर से पानी लाना पड़ता है।
बाक्स…
मक्खी मछरों एवं खटमलों ने उड़ाई नींद
नाहन (सिरमौर)। जिला अस्पताल नाहन में सफाई व्यवस्था के अभाव में मक्खी, मच्छर, काकरेज तथा खटमल भारी मात्रा में पैदा हो रहे हैं। जिस कारण मरीजों की रातों की नींदे गायब हो गई हैं। बाथरूम तथा टायलेट के दरवाजे टूटे होने से यह मक्खी, मच्छर तथा काकरेज मरीजों के कमरे तक पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मिलने वाले बिस्तर के नीचे बड़े-बड़े खटमल मरीजों को रात भर चूस रहे हैं।
—–
बाक्स….
15 दिनों के भीतर सुधरेगी नाहन अस्पताल की दशा: एसडीएम
नाहन (सिरमौर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आदेशों तथा उपायुक्त सिरमौर विकास लाबरू के निर्देशों पर तेजी से कार्रवाई चल रही है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सा अधिकारियों एवं अन्य स्टाफ से मूलभूत सुविधाएं बढ़ाए जाने बारे मंथन किया जा रहा है। 15 दिनों के भीतर नाहन अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधर जाएंगी।
ज्योति राणा, एसडीएम नाहन
