महिला आयोग कोर्ट में पति, पत्नी और वो

शिमला। विवाह के बाद अवैध संबंधों से बसा-बसाया घर कैसे तबाह होता है, इसका उदाहरण सोमवार को महिला आयोग की अदालत में देखने को मिला। शिमला जिले के जुन्गा क्षेत्र के एक स्कूल टीचर की पत्नी ने शिकायत की थी कि उसका पति प्रेमिका के साथ रहता है और परिवार के लिए खर्चा भी नहीं देता। पत्नी दो बच्चों के साथ शिमला में रहती है।
केस की सुनवाई में सारी कहानी समझ आ गई कि किस्सा पति, पत्नी और वो का है। सुनवाई के बाद आयोग ने फैसला लिया कि आगामी सुनवाई में टीचर की प्रेमिका और उसके पिता को बुलाया जाए। आयोग ने शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन से भी इस बारे में जांच रिपोर्ट तलब की है। हालांकि, पेशी में आए टीचर ने आयोग के समक्ष उन पर पत्नी के लगाए सभी आरोपों को गलत बताया।
महिला आयोग का कोर्ट दो दिन चलेगा। सोमवार को कुल 18 केस सुने गए। इनमें से हालांकि केवल दो मामले ही सुलझाए जा सके। पांच मामलों में लोग पेश नहीं हुए। कोर्ट में महिला आयोग सदस्य नमिता रोशनलाल, किरण दत्ता और प्रोमिला उपस्थित थीं। सदस्य सचिव रघुवीर सिंह वर्मा भी कोर्ट में मौजूद रहे।

इनसेट
घर टूटने से बचा लिया महिला आयोग ने
शिमला। कई वर्षों से पति से अलग मायके में रही सुमित्रा अब पूरे सम्मान के साथ अपने पति साथ रहेंगी। आयोग ने फैसला सुनाते हुए सुमित्रा के पति बलबीर को आदेश दिए कि वह रविवार 18 अगस्त को पंचायत के साथ पत्नी के मायके जाएगा और उसे पूरे सम्मान के साथ शिमला स्थित अपने घर लाएगा। सरकारी कर्मचारी बलवीर ने कोर्ट के फैसले को मानते हुए फिर से पत्नी के साथ किसी तरह की झगड़ा न करने और उसे सम्मान के साथ रखने का वादा किया। साथ ही 1000 रुपये महीना खर्चा देने के भी निर्देश दिए। दोनों इस बात पर राजी हो गए कि वे पुुरानी बातों को भुलाकर फिर से जीवन शुरू करेंगे।

इनसेट
पुलिसवाले ने जड़ा थप्पड़, समझौता
शिमला। आयोग में छोटा शिमला की 29 वर्षीय युवती ने छोटा शिमला थाने के दो पुलिस कर्मचारियों पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। युवती का आरोप था कि जब वह पड़ोसी की शिकायत के लिए पुलिस थाना गई तो दो पुलिस वालों में से एक ने उसे तीन थप्पड़ जड़ दिए और दूसरे ने उसके खिलाफ पुलिस मामला बनाकर लॉकअप में बंद करने की धमकी दी। महिला आयोग ने दोनों पुलिस वालों को कोर्ट में तलब किया। युवती ने कहा कि वह चाहती है कि फिर कोई लड़की इस तरह का दुर्व्यवहार न झेले। हालांकि, दोनों पुलिस वालों ने आरोप नकार दिए। महिला आयोग अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।

Related posts