महिला अपहरण मामले में पुलिस के हाथ खाली

शिमला। तहसील कोटखाई की हिमरी पंचायत के कुप्टा गांव से विगत मंगलवार को रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हुई महिला का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। अपहरण के दूसरे रोज जंगलों की खाक छानने के बाद केस में प्रगति नहीं हुई है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन को आधार बना आसपास के जंगलों में सर्च आपरेशन भी चलाया। मगर पुलिस के हाथ अभी तक कुछ नहीं लगा है। पुलिस अभी तक महिला के लापता होने/ अपहरण होने की असली वजह तक का पता नहीं लगा पाई है। महिला के गायब होने के रोज देर शाम को महिला के ही मोबाइल फोन से आई कॉल में फिरोती की मांग की गई थी। उसके बाद से ऐसी कोई भी कॉल नहीं आई है। डीएसपी ठियोग सागर चंद शर्मा ने बताया है कि पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी हुई है। कोटखाई सहित आसपास के अन्य थानों की पुलिस को भी इस कार्य में लगाया गया है।
हिमरी पंचायत के कुप्टा गांव में अकेली रहने वाली महिला का मंगलवार को अपहरण हुआ है। उसके बेटे को मंगलवार शाम इसकी सूचना फोन से मिली है। अब पुलिस के लिए अपहरण फिरौती की गुत्थी सुलझाना चुनौती बन गया है। पुलिस भले ही गंभीरता से जांच करने का दावा कर रही है। लेकिन इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस की कार्य कुशलता पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं।

Related posts