
हरिद्वार। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में उत्तराखंड सरकार को दस करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी। रेलवे स्टेशन पर चल रहे आपदा राहत शिविर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
सोमवार को रेलवे स्टेशन में पत्रकारों से मुखातिब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी को एकजुट होकर पीड़ितों की सहायता करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार को दैवीय आपदा में सहायता के लिए दस करोड़ रुपये देने की घोषणा की। यदि और सहायता की आवश्यकता पड़ेगी उसे भी देने का वादा किया। इस दौरान उन्होंने सेना के काम को सराहा। कहा कि, पीड़ित यात्रियों की सेवा के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 20 डाक्टर भेजे हैं, जो विभिन्न स्थानों पर पीड़ितों की सेवा करेंगे। 20 जिला मजिस्ट्रेट उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों से महाराष्ट्र के लापता यात्रियों की सूची तैयार कराएंगे। ये जिला मजिस्ट्रेट उत्तराखंड सरकार की सहायता भी करेंगे। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पर पहुंचे महाराष्ट्र के यात्रियों से मुलाकात की। आपबीती सुनी और उन्हें सांत्वना दी। अधिकारियों को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए।
