महामहिम की घबराहट से फूले हाथ-पांव

हरिद्वार। शनिवार को कलियर हज हाउस का लोकार्पण करने आ रहे महामहिम राज्यपाल अजीज कुरैशी की अचानक तबीयत नासाज होने से शासन-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
राज्यपाल अजीज कुरैशी को शनिवार को कलियर में बने हज हाउस का लोकार्पण करने आना था। शाम को उनका काफिला देहरादून से रवाना हो गया था। लेकिन, हरिद्वार के पास उन्हें अचानक घबराहट होने लगी। महामहिम की तबीयत नासाज होने पर अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। तुरंत काफिला डामकोठी, हरिद्वार में रोकना पड़ा। इस दौरान देहरादून से डाक्टरों का दल भी आला अफसर लेकर हरिद्वार की ओर चल पड़े। जिला अस्पताल से भी सीएमएस और अन्य चिकित्सक डामकोठी दौड़े। आनन-फानन में महामहिम का ईसीजी आदि जांच की गई। पांच बजे से करीब आधा घंटे तक महामहिम का चेकअप चलता रहा। तबीयत थोड़ी ठीक होने के बाद राज्यपाल ने कलियर कूच करने को हरी झंडी दिखाई। तबीयत खराब होने के चलते शासन से लेकर प्रशासन तक हिला रहा।

Related posts