महानिदेशक ने थपथपाई आईटीबीपी के जवानों की पीठ

उत्तरकाशी। आईटीबीपी के महानिदेशक अजय चड्ढा ने 12वीं वाहिनी मुख्यालय मातली पहुंचकर आपदा में हुई क्षति का जायजा लिया। उन्होंने आपदा के दौरान बल के हिमवीरों की ओर से चलाए गए राहत और बचाव अभियान की सफलता के लिए उन्हें शाबासी दी। उन्होंने बताया कि स्वयं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आईटीबीपी के प्रयासों की सराहना की है।
यहां पहुंचे महानिदेशक ने बाढ़ में आईटीबीपी के मातली कैंपस में हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद हुई सैनिक सभा में वाहिनी के सेनानी आरएस चंदेल ने आपदा के दौरान वाहिनी के जवानों की ओर से चलाए गए खोज एवं बचाव अभियान तथा राहत कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 12वीं वाहिनी के जवानों ने गंगोत्री घाटी से 5400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला। इसके साथ ही प्रभावितों को निशुल्क भोजन एवं चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई।
महानिदेशक चड्ढा ने कहा कि सीमाओं के साथ ही आंतरिक सुरक्षा में योगदान के साथ ही आईटीबीपी के जवान आपदा राहत के कार्यों में बढ़चढ़ कर योगदान दे रहे हैं। स्वयं प्रधानमंत्री ने दूरभाष पर आईटीबीपी को इसके लिए शाबासी दी है। जवानों की हौसला अफजाई कर महानिदेशक लौट गए। इस मौके पर नॉर्दर्न फ्रंटियर के आईजी आईएस नेगी, डीआईजी देहरादून अमित प्रसाद भी मौजूद थे।

Related posts