महादेव पंचायत ने ताला तोड़ खाली करवाई दुकान

महादेव (मंडी)। सुंदरनगर के धनोटू में दुकान मालिक की शिकायत पर महादेव पंचायत ने ताला तोड़ कर किरायेदार से जबरन दुकान खाली करवाई है। पंचायत ने दुकान का सामान कब्जे में ले लिया है। उधर, किरायेदार ने दुकान मालिक और पंचायत के खिलाफ ताला तोड़ कर लाखों की कीमत का सामान गायब होने का मामला दर्ज करवाया। महादेव पंचायत ने पहली बार पुलिस और न्यायालय की तर्ज पर कार्रवाई अमल में लाई है। पंचायत ने दुकान मालिक की शिकायत पर कार्रवाई कर ताला तोड़ कर दुकान खाली करवा दी। किरायेदार का सामान भी कब्जे में ले लिया है। दुकान के मालिक बृज लाल ने पंचायत से शिकायत की कि आरपी धीमान ने दुकान किराये पर ली थी और कई वर्षों से इस दुकान का किराया और बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया था। पंचायत ने कई बार दोनों पक्षों में समझौता भी करवाया था। जबकि किरायेदार आरपी धीमान ने न ही दुकान खाली की और न ही किराया दिया। इस पर कार्रवाई करते हुए पंचायत ने दुकान खाली करवा कर सामान जब्त कर पंचायत घर में रख दिया है। पंचायत के प्रधान नवीन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला दो वर्ष से चल रहा है और कई बार दोनों पक्षों में समझौता भी करवाया। किरायेदार ने इस पर अमल नहीं किया। जिस पर पंचायत ने प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए दुकान को खाली करवा दिया है। इधर, इस मामले में किरायेदार आरपी धीमान ने पुलिस में दुकान मालिक और पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ एक तरफा निर्णय लेकर दुकान के ताले तोड़ने तथा लाखों का सामान गायब होने की शिकायत दर्ज करवाई है। आरपी धीमान ने कहा कि पंचायत की ओर से कोई दुकान खाली करने का कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उधर, सुंदरनगर बीएसएल थाना प्रभारी बिन्नी मिन्हास ने कहा कि पुलिस के पास किरायेदार आरपी धीमान की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts